अमेठी। फसल समर्थन मूल्य योजना के तहत छह एजेंसी के 50 क्रय केंद्रों पर बुधवार से गेहूं खरीद शुरू हो जाएगी। निर्धारित 51,500 एमटी गेहूं खरीद कर लक्ष्य पूरा करने तथा लॉकडाउन नियमों के तहत खरीद हो सके इसके लिए किसानों को पंजीकरण कराने के साथ केंद्र प्रभारी से टोकन लेकर निर्धारित तिथि व समय पर अपनी फसल पहुंचाने को कहा गया है।
किसानों को बिचौलियों से बचाने तथा निर्धारित समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचा जा सके इसके लिए शासन से 51,500 एमटी खरीद का लक्ष्य निर्धारित होने के बाद बुधवार से छह एजेंसी के 50 क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू हो जाएगी।
लॉकडाउन लागू होने के कारण खाद्य विभाग ने शासन के निर्देश के अनुसार सभी क्रय केंद्र प्रभारियों का मोबाइल नंबर सार्वजनिक करते हुए किसानों से आनलाइन पंजीकरण कराने तथा केंद्र प्रभारी से संपर्क कर टोकन प्राप्त करने के बाद निर्धारित तिथि व समय पर केंद्र पहुंच कर अपनी उपज बेचने का निर्देश दिया है।
डिप्टी आरएमओ भीमांचद्र गौतम ने सभी केंद्र प्रभारियों को लॉकडाउन नियमों के तहत सोशल डिस्टेंसिंग कायम रखते हुए वायरस से बचाव के लिए श्रमिक/पल्लेदार व स्वयं मुंह को मास्क से ढकने के साथ केंद्र पर सैनिटाइजर व साबुन की व्यवस्था करते हुए नियमित साफ-सफाई रख खरीद करने का निर्देश दिया है।
केंद्र प्रभारियों को केंद्र पर किसानों की भीड़ नहीं हो इसके लिए प्रति दिन होने वाली खरीद के अनुसार टोकन निर्गत करने का निर्देश दिया है।