अमेठी। लॉकडाउन का पालन कराने को जिले की पुलिस लगातार सक्रिय है। अफसरों ने फोर्स के साथ क्षेत्र के कस्बो में रूट मार्च कर लोगों से घरों में रहने की अपील करते हुए किसी भी समस्या पर तत्काल राहत पहुंचाने का आश्वासन दिया।
कोरोना वायरस को बढ़ने से रोकेने के लिए घोषित लॉकडाउन का पालन कराने को जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकल रहे लोगों पर पाबंदी लगाने के लिए पुलिस ने शाम के समय रूट मार्च शुरू कर दिया है।
रविवार को सीओ पीयूष कांत राय अमेठी सर्किल के थाना क्षेत्रों में, सीओ गौरीगंज अर्पित कपूर गौरीगंज व तिलोई सर्किल के थाना क्षेत्रों में तो सीओ मुसाफिरखाना संतोष सिंह ने अपनी सर्किल के थाना क्षेत्रों में पुलिस फोर्स के साथ रूट मार्च कर लोगों से अपने घरों में ही रहने की अपील की।
सीओ पीयूष कांत ने बताया कि इस दौरान लोगों से लॉकडाउन का पालन करते हुए घरों में रहकर स्वयं के साथ आस पास के लोगों को सुरक्षित रखने की अपील की जा रही है। कहा कि लोगों को यह भी बताया जा रहा है कि इस दौरान किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आवश्यकता पर फोन करते ही उसे राहत पहुंचाई जा रही है।
कहा कि कस्बों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी गश्त बढ़ाई गई है। शाम के समय पुलिस फोर्स ग्रामीण क्षेत्र में जाकर बाहर निकले लोगों से घरों में रहने की अपील करते हुए नहीं मानने पर कार्रवाई भी कर रही है।