गौरीगंज (अमेठी)। जिले में मंगलवार को पांच स्थानों पर आग की घटनाएं सामने आईं। तीन स्थानों पर लगी आग से करीब 25 बीघे गेहूं तो एक स्थान पर लगी आग से छप्पर व गृहस्थी का सामान राख हो गया। सभी स्थानों पर पहुंचे राजस्व कर्मियों ने क्षति का आकलन किया है। गौरीगंज के विसूरा गांव के सीवान में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। सूचना के बाद पहुंचे फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाते हुए सीवान में आग बढ़ने से बचाते हुए किसानों को राहत दी। दूसरी घटना मुंशीगंज थाने के शारदन में घटित हुई। यहां पर झाड़ियों में आग लगने के बाद ग्रामीणों ने दमकल काे सूचना देते हुए काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। फायर बिग्रेड पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। मंगलवार को जामो के पूरे चितई गांव में पांच बीघे फसल जलकर राख हो गई।
तिलोई के रजवापुर गांव में सीवान में मंगलवार की दोपहर लगी आग ने जमकर तांडव मचाया। ग्रामीण व फायर बिग्रेड जब तक आग पर काबू पाते तब तक 18 बीघा गेहूं जल गया। एसडीएम फाल्गुनी सिंह राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचीं और क्षति का आकलन किया। इसके अतिरिक्त शिवरतनगंज के गोधना मजरे दांदूपुर निवासी अजय कुमार के घर के बगल स्थित छप्पर में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग पर जब तक काबू पाया जाता भूसा, गेंहू, डिलिवरी पाइप व साइकिल रिक्शा जलकर राख हो गया।