अमेठी सिटी। गौरीगंज-अमेठी मार्ग पर गोपालापुर मजरे टिकरिया गांव के पास बुधवार भोर में बरात से लौट रहे लोगों की कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में दूल्हे के चाचा, ममेरी बहन सहित तीन की मौत हो गई। जबकि दो चचेरी बहनें व एक चचेरे भाई जख्मी हो गया। घायलों का रायबरेली के एम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रायबरेली जिले के महाराजगंज थाने के पहाड़पुर गांव निवासी मनीष सिंह की बरात अमेठी के कमासिन गांव गई थी। शादी में शामिल होकर बुधवार भोर करीब चार बजे दूल्हे के चाचा संतोष सिंह उर्फ हरिनाथ सिंह (45), भदोखर थाने के ताला गोपालपुर गांव निवासी बेटी अनुष्का सिंह (23), निहारिका सिंह (19) व बेटे मानवीर सिंह (17) और गांव के रिश्तेदार आलोक सिंह (55) व जौनपुर जिले के शाहगंज थाने के रामपुर निवासी दूल्हे की ममेरी बहन दीपा सिंह (30) पत्नी अनिल सिंह के साथ कार से वापस रायबरेली गांव जा रहे थे। सभी अमेठी-गौरीगंज मार्ग पर गोपालपुर मजरे टिकरिया गांव के पास पहुंचे तभी कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसे में कार सवार सभी लोग जख्मी हो गए। खबर लगते पड़ोस के गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने संतोष सिंह उर्फ हरिनाथ सिंह, दीपा सिंह व आलोक सिंह को मृत घोषित कर दिया।
जबकि, निहारिका सिंह, मानवीर सिंह व अनुष्का सिंह गंभीर हालत में रायबरेली के एम्स अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की सूचना विवाह समारोह में पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। एसएचओ अमर सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलती है तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
नववधू की नहीं हुई विदाई
अमेठी सिटी। अमेठी के कमासिन गांव निवासी राकेश सिंह की पुत्री कीर्ति के विवाह में वर पक्ष से शामिल होने आए दूल्हे मनीष सिंह के चाचा के साथ दो रिश्तेदारों की मौत व तीन के घायल होने की सूचना पहुंची तो खुशी गम में बदल गई। मंगल गीत बंद हो गए।
गमगीन माहौल में वैवाहिक रस्म पूरी होने के बाद विदाई रोक दी गई। सभी रिश्तेदार व परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। पोस्टमॉर्टम हाउस में वर व वधु पक्ष के लोग एक-दूसरे को सांत्वना देते हुए हादसे से दुखी होकर मृतकों के अंतिम संस्कार व घायलों के बेहतर उपचार प्रबंध करने की कोशिश में जुटे रहे।
गम में बदल गईं शादी की खुशियां
अमेठी के कमासिन गांव में भतीजे की शादी में शामिल होने आए संतोष सिंह उर्फ हरिनाथ सिंह को शायद यह नहीं पता था कि भतीजे का विवाह करने के बाद नववधु को घर पहुंच आशीर्वाद भी नहीं दे पाएंगे। वैवाहिक कार्यक्रम से भोर में निकल कर संतोष सिंह घर जाकर बहू के आगमन की तैयारियां करने की चाह में निकले थे। घर पहुंचने से पहले ही काल के गाल में समा गए।
संतोष सिंह उर्फ हरिनाथ सिंह के दो बेटी व एक बेटा एम्स रायबरेली में जीवन व मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। पोस्टमॉर्टम हाउस के पास मौजूद रिश्तेदार व परिजन गमगीन होकर बच्चों की सलामती की दुआ करते नजर आए।
सीएम ने ट्वीट कर जताया दुख
सड़क हादसे में तीन की मौत व तीन लोगों के घायल होने की सूचना पर प्रसारित खबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया। ट्वीटर एकाउंट से मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।