अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय गौरीगंज व अन्य क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए तो धुंध के बीच मौसम की रंगत बदली नजर आई। वहीं आसमान में बादल देखकर सिंचाई का इंतजार कर रहे किसानों की उम्मीद भी बढ़ गई है। किसान बार-बार आसमान की ओर देख रहे हैं। वहीं धूप-छांव के बीच दिनभर ठंडी हवा भी चलती रही।
लगातार एक महीने से तेज धूप के चलते गर्मी का अहसास होने लगा था। शुक्रवार को अचानक से मौसम में परिवर्तन दिखाई दिया। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। लंबे समय से बारिश नहीं होने के चलते गेहूं व खरीफ की अन्य फसलों को पानी की जरूरत है। लोग पंपिंग सेट के माध्यम से सिंचाई का कार्य बीच-बीच में कर रहे हैं। ऐसे में यदि बारिश होती है तो सिंचाई की समस्या कुछ दिनों के लिए खत्म हो सकती है।
कृषि विज्ञान केंद्र कठौरा, जगदीशपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. नवनीत मिश्र ने बताया कि बारिश से लगभग सभी फसलों का फायदा होगा। आम के बौर के लिए तेज बारिश नुकसानदायक हो सकती है। फिलहाल जिले में बूंदाबांदी के ही आसार दिख रहे हैं।