गौरीगंज (अमेठी)। शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए संग्रामपुर के करनाईपुर गांव में दो करोड़ 68 लाख 77 हजार रुपये से ग्रामीण पाइप पेयजल योजना के तहत ओवरहेड टैंक निर्माण के साथ पाइप बिछाने का कार्य अंतिम दौर में है। आवंटित धनराशि से 12 मजरों के 600 घरों को पाइप से जलापूर्ति होगी।
गुरुवार को डीएम अरुण कुमार ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 34 किलोमीटर अंडरग्राउंड पाइप बिछाने के साथ ही 574 घरों को कनेक्शन दिए जाने की बात सामने आई। परियोजना में करीब 98 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
फर्श व खड़ंजा का कार्य शेष देख डीएम ने कार्यदायी संस्था को जल्द मानक के अनुसार अवशेष कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। डीएम ने एक्सईएन जल निगम को शत-प्रतिशत घरों में कनेक्शन करते हुए जल्द पाइप पेयजल आपूर्ति शुरू करने का निर्देश दिया। डीएम ने बताया कि पाइप पेयजल आपूर्ति शुरू होने के बाद ग्रामीणों को शुद्ध जल मिल सकेगा।