अमेठी सिटी। गौरीगंज के टिकरिया स्थित ढाबे पर बृहस्पतिवार शाम पंखा ठीक करते वक्त वेटर विजय (25) की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मोतिगरपुर के बेलवारी गांव निवासी ढाबा संचालक विनय सिंह ने बताया कि सुल्तानपुर जिले के जयसिंहपुर करौंदी गांव निवासी विजय कुछ समय से उनके यहां काम कर रहा था। शाम को पंखा ठीक करते समय अचानक करंट लग गया। ढाबे के पास चाय-पान की दुकान करने वाले बरौसा गांव निवासी अनिल कुमार ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
विजय की मौत की खबर सुनकर मां रीता का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन अंशिका और भाई रितिक गहरे सदमे में हैं। पिता हैदराबाद की एक कंपनी में कार्यरत हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वे घर लौटने की तैयारी में हैं। इंस्पेक्टर गौरीगंज श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत हाेने की पुष्टि हुई है। अभी तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।