अमेठी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद रिक्त ग्राम प्रधान, बीडीसी व ग्राम पंचायत सदस्य के लिए शनिवार को 62.68 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान में कोई व्यवधान नहीं हो इसके लिए नामित मजिस्ट्रेट के साथ अफसर भ्रमण करते रहे। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटिकाओं को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। सोमवार को मतों की गणना होगी।
सामान्य पंचायत चुनाव समाप्त होने के बाद शाहगढ़ की कुशवैरा, मुसाफिरखाना की पलियाचंदापुर व जगदीशपुर के सिधियावां में निर्वाचित प्रधान तो बाजार शुकुल के बीडीसी वार्ड संख्या बीडीसी वार्ड 38 और जगदीशपुर के बीडीसी वार्ड संख्या 85 पर निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौत हो गई थी। अलग ग्राम पंचायतों की 1,488 ग्राम पंचायत सदस्य पद भी रिक्त रह गए थे। आयोग के निर्देश पर उपचुनाव में नामांकन के बाद जगदीशपुर के वार्ड 85 व ग्राम पंचायत सदस्य के 1,441 पदों पर एक-एक नामांकन होने से उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित करने के बाद शनिवार को कुशवैरा, सिधियावां, पलिया चंदापुर व बीडीसी वार्ड संख्या 38 के साथ 47 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए 28 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 39 बूथों पर मतदान हुआ।
मतदान के दौरान कोई व्यवधान नहीं हो इसके लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध करने के साथ अफसर व मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमण करते रहे। इस दौरान जिले में 62.68 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुशबैरा में 1,105 मतदाताओं में 875, सिधियावां में 5,587 में 3,125, पलिया चंदापुर में 2,366 में 1,581 तथा बीडीसी वार्ड संख्या 38 में 1,735 में 927 मतदाताओं ने वोटिंग की। मतपेटिकाओं को सुरक्षा के साए मेें स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया गया। एडीएम एसपी सिंह ने बताया कि सोमवार को मतों की गणना कराई जाएगी।