अमेठी। लोकसभा चुनाव को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारी हो रही है। रविवार को स्थानीय विधानसभा क्षेत्र के गांव सेमरा में बसपा का सेक्टर स्तरीय कैडर कैंप आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव की तैयारी के क्रम में सर्व समाज के लोगों को बसपा के पक्ष में एक जुट करने के साथ भाजपा और सपा के झूठे प्रचार तंत्र से मतदाताओं को सावधान किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दोनों पार्टियां उद्योगपतियों के हाथों बिकी हुई है। इनसे गरीबों के हित की बात करना बेमानी है। प्रदेश अध्यक्ष ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के पीडीए गठबंधन को जुमलेबाजी बताया और कहा कि अखिलेश सरकार ने दलितों और पिछड़ों का नुकसान करने के अलावा और कोई काम नहीं किया। कैडर कैंप का संचालन जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार ने किया।
इस दौरान नम्रता जायसवाल, जिला प्रभारी राम अभिलाष बौद्ध, बामसेफ जिला संयोजक संजीव भारती, लक्ष्मण प्रसाद, राम करन, कमलेश कुमार, जुबेर अहमद, राजाराम, विजय कुमार, डाॅ. घनश्याम कश्यप, आरएस चक्रवर्ती, ओमप्रकाश, मिश्रीलाल, लक्षनदास आदि मौजूद रहे।