अमेठी। पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्वाचक नामावली का वृहद पुनरीक्षण अभियान 19 अगस्त से शुरू किया जाएगा। अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी 2026 को किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी संजय चौहान ने बताया कि इस बार तय कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक चरण की गतिविधियां समयबद्ध रूप से संपन्न की जाएंगी।
18 जुलाई से 18 अगस्त तक बीएलओ को क्षेत्र आवंटन, प्रशिक्षण, स्टेशनरी वितरण और नामांकन विलोपन की कार्यवाही चलेगी। इसके बाद 19 अगस्त से 29 सितंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान एक जनवरी 2025 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिकों के नाम जोड़े जाएंगे।ऑनलाइन आवेदन 22 सितंबर तक किए जा सकेंगे। इनके सत्यापन की प्रक्रिया 23 से 29 सितंबर तक चलेगी। पांडुलिपियां छह अक्तूबर तक सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा की जाएंगी।
ड्राफ्ट सूची का कम्प्यूटरीकरण 24 नवंबर तक पूरा किया जाएगा। पांच दिसंबर को अनंतिम सूची प्रकाशित होगी। छह से 12 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी, जिनका निस्तारण 19 दिसंबर तक किया जाएगा। पूरक सूचियों का कम्प्यूटरीकरण 8 जनवरी तक, जबकि अंतिम सूची का प्रकाशन 15 जनवरी को किया जाएगा। सार्वजनिक अवकाश के दिन भी कार्यालय खुले रहेंगे। कार्यक्रम का प्रचार स्थानीय समाचार पत्रों और कार्यालयों के सूचना पटों पर किया जाएगा। समय सीमा में कोई बदलाव नहीं होगा।