अमेठी सिटी। मुंशीगंज के थाना प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी से बदसलूकी करने वाले ड्रग इंस्पेक्टर कमलेश मिश्र के खिलाफ प्रशासनिक जांच पूरी हो गई है। शनिवार को डीएम संजय कुमार चौहान ने बताया कि जांच टीम की रिपोर्ट शासन को भेज दी है। रिपोर्ट में ड्रग इंस्पेक्टर के शराब के नशे में होने के साथ सरकारी सेवा नियमों की अवहेलना सामने आई है।
बुधवार शाम मुंशीगंज में ड्रग इंस्पेक्टर मुंशीगंज के निरीक्षक से उलझ गए थे। जांच समिति ने घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। ड्रग इंस्पेक्टर का भी पक्ष लिया गया। वीडियो फुटेज और मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट को आधार बनाकर की गई जांच में यह साफ हुआ कि कमलेश मिश्र ने सरकारी मर्यादा और आचरण संहिता का उल्लंघन किया है।
जिलाधिकारी संजय कुमार चौहान ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता और सार्वजनिक प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट में अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की गई है। शासन से जल्द निर्देश जारी होने की संभावना है। बता दें कि बुधवार शाम मुंशीगंज कस्बे में कमलेश मिश्र ने सड़क पर पुलिस टीम से न सिर्फ बहस की, बल्कि थाना प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी का गिरेबान पकड़कर हाथ मरोड़ दिया था। इसके बावजूद उन्हें बिना मुकदमा दर्ज किए निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया था, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर भी गंभीरता से कार्रवाई शुरू हुई। जांच के दौरान सामने आया कि नशे की हालत में सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करना और पुलिस अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करना आचरण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट मिलने के बाद शासन इस प्रकरण में निर्णय ले सकता है।