बजरंग दल के कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए
गौरीगंज(अमेठी)। हरियाणा के मेवात में 30 जुलाई को घटित घटना के विरोध में बुधवार को विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। बाद में मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।
बुधवार को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सड़क पर उतरे कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकालकर घटना की निंदा करते हुए विरोध जताया। बाद में जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पंहुचे कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया। इसमें कहा गया है कि श्रद्धालुओं पर सुनियोजित ढंग से हमला किया गया है। कार्यकर्ताओं ने प्रकरण की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई व श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये तो घायलों के परिजनों को 20 लाख रुपये आर्थिक सहायता तो दुकान व गाड़ियां क्षतिग्रस्त पीड़ितों को सहायता देने की बात कही। इस मौके पर जिला संयोजक भोलानाथ, धर्मजीत यादव, हौसिला सिंह, सुनील, बृजेंद्र तिवारी, नीलेश व सुरेश सिंह आदि मौजूद रहे।