अमेठी। शहर में बनने वाले रिंग रोड एनएच-931 फेज टू के निर्माण को लेकर जमीन अधिग्रहण के सत्यापन का काम अंतिम चरण में है। गजट प्रकाशन के बाद एनएच की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर गाटावार खातेदारों का हिस्सा निकाले जाने की कवायद तेज हो गई है।
अमेठी शहर तक आने-जाने वाले व जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए लखनऊ-वाराणसी रेलवे लाइन के उत्तर तरफ बाईपास (एनएच 931) फेज वन के तहत निर्माण कार्य तकरीबन पूरा हो गया है। लखनऊ-वाराणसी रेल खंड स्थित 102-बी रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाई ओवर निर्माणाधीन है। स्थानीय सांसद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रयास से रिंग रोड बाईपास (एनएच 931) फेस टू के निर्माण के लिए गत दिनों केंद्र सरकार ने 283.86 करोड़ रुपये का बजट आवंटित कर दिया था। स्वीकृति एवं बजट मिलने के बाद एनएच की ओर से भूमि अधिग्रहण के संबंध में मानचित्र के आधार पर गाटों का सत्यापन किया गया।
इन गांवों की जमीनों का होगा अधिग्रहण
बाईपास फेज टू निर्माण की जद में आ रहे तहसील क्षेत्र के राजस्व गांव खेरौना, बधवरिया, मनीपुर राघव, रेभा, चचकापुर, बिराहिमपुर, बरियापुर, भरथीपुर, लोनियापुर, रायपुर फुलवारी, उमापुर गाना पट्टी और जंगल रामनगर के कुल 461 गाटों के सापेक्ष 19.7495 हे. निजी व सरकारी भूमि है। इन भूखंडों की सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद (3-ए) गजट प्रकाशन के लिए रिपोर्ट जिला प्रशासन के माध्यम से एनएच को भेजी गई। (3-ए) गजट प्रकाशन किया गया।
एनएच की ओर से गाटावार खातेदारों का हिस्सा व अन्य कार्रवाई के लिए सूची जिला प्रशासन के माध्यम से तहसील प्रशासन को उपलब्ध कराई गई है। राजस्व विभाग के संबंधित हल्का लेखपालों द्वारा उपलब्ध सूची (3-डी) का सत्यापन करने की कवायद शुरू कर दी गई है।
सत्यापन के लिए मिला पत्र
एसडीएम प्रीति तिवारी ने बताया कि रिंग रोड फेज टू की जद में आ रही भूमि/गाटावार खातेदारों का सत्यापन (3-डी वेरीफिकेशन) कराए जाने के संबंध में पत्र मिला है। संबंधित राजस्व निरीक्षक व हल्का लेखपालों को गाटावार खातेदारों का सत्यापन किए जाने का निर्देश दिया गया है। जल्द ही सत्यापन पूरा कराकर जिला प्रशासन के माध्यम से रिपोर्ट एनएच को भेजी जाएगी। इसके बाद अधिग्रहण, मुआवजा वितरण व अन्य कार्रवाई की जाएगी।
गजट प्रकाशनरिंग रोड बाईपास फेस टू निर्माण के लिए गाटावार (3-ए) गजट प्रकाशन हो गया है। बताया कि गाटावार खातेदारों का सत्यापन (3-डी वेरीफिकेशन) के लिए पत्रावली भेजी गई है। इसके बाद अधिग्रहण के साथ ही मुआवजा वितरण व अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी। विनोद कुमार राय, एक्सईएन-एनएच