जगदीशपुर (अमेठी)। महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रयागराज के महाकुंभ से अमृत स्नान करके व काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर अयोध्या धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को रोकने के लिए पुलिस ने कहीं बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता रोका तो कहीं आने-जाने के लिए रास्ता खुला देखा गया।
बुधवार को जगदीशपुर-अयोध्या फोरलेन हाईवे पर जगदीशपुर चौराहे और जायस तिराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को रोका गया। इसी मार्ग पर आगे चलकर रानीगंज चौराहा, थौरी तिराहा और आमघाट पुल से पहले लगे बैरिकेडिंग पर श्रद्धालुओं के वाहन बेरोकटोक आते-जाते दिखे।
लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कमरौली थाना क्षेत्र के जाफरगंज मोड़ व जगदीशपुर के पूरे लोशन मोड़ से आने-जाने के लिए वाहनों को बैरिकेडिंग पर रोकते देखा गया। बाकी सभी कट से लोग आते-जाते दिखे। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कादूनाला मोड़ से थौरी मार्ग पर दंडेश्वर नाथ धाम तक के मार्ग का जायजा जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने खुद लिया।
मध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले के सकररा गांव से 50 दर्शनार्थियों का जत्था पैदल ही 25 दिन पहले अयोध्या धाम जाने के लिए निकला था। बुधवार को रास्ते में जगदीशपुर के जायस तिराहे पर उनके साथ खाने-पीने का सामान लेकर चल रही गाड़ी को रोक दिया गया।
अनीता, रवींद्र व डाकाबाई आदि के कहने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीशपुर धीरेंद्र कुमार यादव ने श्रद्धालुओं के वाहनों को आगे ले जाने की अनुमति दी। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि वाहनों की अधिकता को देखते हुए बैरिकेडिंग की गई है। दबाव कम होते ही रास्ता खोल दिया जाएगा।
अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार रात लगा जाम, दिन में सामान्य
थाना क्षेत्र पीपरपुर के दुर्गापुर में अयोध्या से प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं के वाहनों का काफिला मंगलवार रात आठ बजे एक साथ पहुंचा। इससे जाम लग गया। रात करीब साढ़े नौ बजे करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुला । उसके बाद बुधवार सुबह से वाहनों का आवागमन सामान्य ढंग से हो रहा है।