गिरफ्तार आरोपी। -स्रोत : निजी सूत्र
अमेठी सिटी। युवक पर हमला कर भागे कार सवार दो हमलावरों तक पुलिस अब तक नहीं पहुंच पाई है। सीसीटीवी फुुटेज खंगलाने के बाद भी पहचान करने में नाकाम पुलिस अब सर्विलांस सेल की मदद से तलाश में जुटी है। पकड़े गए एक आरोपी का चालान कोर्ट भेजते हुए पुलिस मामले की कड़ी जोड़ते हुए जल्द ही अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर कार्रवाई करने का दावा कर रही है।
मुंशीगंज थाना क्षेत्र के सरायखेमा गांव निवासी जवाहरलाल जायसवाल पर मंगलवार दोपहर बाद कार सवार बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। ग्रामीणों के मौके पर आने से दो बदमाश कार सहित भाग निकले थे लेकिन एक को पकड़कर पेड़ में बांध पिटाई करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शुभम कोरी, गिरिजा शंकर पांडेय सहित दो अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया है। मौके से पकड़े गए स्वयंवर सिंह का पुरवा गांव निवासी शुभम कोरी के पास पिस्तौल व कारतूस बरामद होने के बाद बुधवार को उसका चालान कोर्ट भेजा गया।
मामले में पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली लेकिन भागे हमलावर सहित कार की पहचान नहीं हो सकी। ऐसे में पुलिस अब सर्विलांस सेल की मदद से हमले में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी है।
एसएचओ शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि जवाहरलाल जायसवाल व राजू जायसवाल गुजरात प्रांत के सूरत में लाई-चना का व्यवसाय करते थे। व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता संग अन्य आरोपों की जांच हो रही है। जल्द ही भागे हमलावरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।