टिकरिया। कोहरे और धुंध के कारण मंगलवार को वाराणसी से दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई। वहीं जनसाधारण एक्सप्रेस करीब छह घंटे और योगनगरी एक्सप्रेस चार घंटे देरी से गौरीगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेनों की देरी और निरस्तीकरण से यात्रियों को प्लेटफार्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे ठंड में परेशानी बढ़ गई।
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से प्रतिदिन लगभग 70 से 80 यात्री गौरीगंज स्टेशन से दिल्ली की यात्रा करते हैं। मंगलवार को बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पहुंचे, जहां उन्हें ट्रेन निरस्त होने की जानकारी मिली। मजबूरी में कई यात्रियों ने अपने टिकट निरस्त कराए, जबकि कुछ ने अन्य ट्रेनों से यात्रा की योजना बनाई। सारीपुर निवासी रामसेवक ने बताया कि आरक्षित टिकट होने के बाद भी यात्रा टालनी पड़ी।
रंजीत यादव ने कहा कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस निरस्त रहने के कारण अब जनसाधारण एक्सप्रेस से जाना पड़ेगा। दानापुर से आनंद विहार जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे की देरी से गौरीगंज पहुंची। ऋषिकेश से प्रयागराज जाने वाली योगनगरी एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से चार घंटे पीछे रही। इसके अलावा नीलांचल एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस और प्रयागराज संगम पैसेंजर सहित अन्य ट्रेनें भी समय से देर से आईं। ठंड और कोहरे के बीच प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को दिक्कत झेलनी पड़ी।
बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को अधिक परेशानी हुई। कई यात्री लगातार पूछताछ काउंटर पर ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेते रहे। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के निरस्त रहने की सूचना पहले ही जारी कर दी गई थी। मौसम के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक जानकारी दी जा रही है।