गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
- फोटो : गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल खंड पर ठंड और कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। बुधवार को प्रयागराज संगम जाने वाली पैसेंजर ट्रेन करीब पांच घंटे की देरी से गौरीगंज स्टेशन पहुंची। बृहस्पतिवार को स्थिति और कठिन रहने की आशंका है, क्योंकि वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस का संचालन निरस्त कर दिया गया है।
बुधवार को देहरादून-वाराणसी एक्सप्रेस और मालदा टाउन-आनंद विहार एक्सप्रेस भी निरस्त रहीं। लखनऊ से प्रयागराज संगम जाने वाली पैसेंजर ट्रेन गौरीगंज स्टेशन पर सुबह 9:13 बजे के बजाय दोपहर 2:25 बजे आई। लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस भी करीब दो घंटे विलंब से गौरीगंज पहुंची। भोपाल-प्रतापगढ़ सहित कई अन्य ट्रेनें भी तय समय से काफी देर से संचालित हुईं। रेलवे ने पूर्व में जारी आदेश के अनुसार बृहस्पतिवार को वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस को निरस्त रखा है। इससे देहरादून, हरिद्वार और मुरादाबाद की यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी योजना बदलनी पड़ेगी। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि कोहरे की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है।