अमेठी सिटी। ठंड के साथ रेल यात्रियों की परेशानी भी बढ़ने लगी है। बृहस्पतिवार को वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस निरस्त रही तो जनसाधारण एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का संचालन भी विलंब से हुआ।
वाराणसी से चलकर गौरीगंज होते हुए लखनऊ, मुरादाबाद, हरिद्वार व देहरादून सहित अन्य स्टेशनों को जाने वाली जनता एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को निरस्त रही। ट्रेन के निरस्त होने से बृहस्पतिवार को यात्रियों को अपनी यात्रा निरस्त करनी पड़ी। तमाम यात्री भीड़ के बीच पंजाब मेल से गंतव्य को रवाना हुए। इसके अतिरिक्त बुधवार की रात दिल्ली-वाराणसी डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी निरस्त रही।
अप जनसाधारण एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे विलंब से आई। योगनगरी एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस, पंजाब मेल व अर्चना एक्सप्रेस का संचालन भी विलंब से हुआ। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन विलंब से हुआ।