फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: 1.28 लाख पशुओं का ही टीकाकरण

Wed, 12 Aug 2026 12:38 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
भेटुआ के प​श्चिम दुआरा काशीपुर ​स्थित पशुपालक की गोशाला में बंधे पशु। -संवाद
विज्ञापन
अमेठी सिटी। जिले में पशुओं के टीकाकरण अभियान की रफ्तार लक्ष्य से पीछे है। 3,99,250 पशुओं के टीकाकरण के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 1,28,370 पशुओं को ही टीका लगाए जाने का विभागीय दावा है। अभियान में 25 टीमें लगी हैं, फिर भी कई गांवों में टीम के न पहुंचने, समय से सूचना न मिलने और वैक्सीन खत्म होने की शिकायतें सामने आई हैं। इससे बड़ी संख्या में पशु टीकाकरण से छूट गए हैं।
विज्ञापन


एक टीम को प्रतिदिन 260 पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। इस हिसाब से 25 टीमें रोजाना 6,500 पशुओं का टीकाकरण कर सकती हैं। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार एक टीम अब तक औसतन 18 से 22 गांवों में पहुंची है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई जगह टीम के आने की सूचना समय से नहीं मिली। इससे पशुपालक अपने पशुओं को टीकाकरण के लिए नहीं पहुंचा सके। अमेठी के ताला गांव के प्रधान मनोज शुक्ल ने बताया कि गांव में अब तक टीम नहीं पहुंची।
विज्ञापन


गौरीगंज के गौरीपुर निवासी कालिका प्रसाद ने बताया कि टीम के आने की जानकारी नहीं है। कई बार संपर्क करने पर जल्द आने का भरोसा मिला। भादर के सांगापुर निवासी राममिलन ने बताया कि टीम दोपहर बाद पहुंची। समय कम होने के कारण कुछ पशु छूट गए। पशु मित्रों की हड़ताल का असर भी अभियान पर पड़ने की बात सामने आई है।

एक पशुपालक ने नाम न छापने की शर्त पर आरोप लगाया कि कुछ जिम्मेदार पशुपालकों के नाम दर्ज कर अभियान को कागजों में पूरा दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि इसकी विभागीय पुष्टि नहीं हुई है।


कहीं वैक्सीन खत्म तो कहीं दोबारा टीम का इंतजार
शाहगढ़ के बहोरिकपुर, दुलापुर, कुशवैरा, कौहार, भनियापुर और मटेरा गांवों में जानकारी लेने पर चार जगह पशुपालकों ने बताया कि टीम के पास वैक्सीन खत्म हो गई थी। टीम अगले दिन दोबारा आने की बात कहकर लौट गई, लेकिन फिर नहीं पहुंची। विभाग पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध होने का दावा कर रहा है। दरखा गांव में रजिस्टर में 310 पशुओं के टीकाकरण का विवरण दर्ज था, जबकि पशुपालकों की जानकारी और मौके पर मौजूद पशुओं के आधार पर 276 पशुओं के टीकाकरण की बात सामने आई। बाजारशुकुल के सत्थिन गांव के पशुपालक करुणाशंकर, मोहम्मद आलम और इरफान ने कुछ पशुओं को मौके पर देखे बिना संख्या दर्ज करने का आरोप लगाया। इसकी विभागीय पुष्टि नहीं हुई है।

-
छूटे पशुओं के लिए दोबारा पहुंचेगी टीम
सीवीओ डॉ. गोपाल कृष्ण शुक्ल ने बताया कि छूटे पशुओं की सूची बनाकर दोबारा टीम भेजी जाएगी। प्रत्येक टीम में एक पशु चिकित्सक और एक पैरावेट है। पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध है और गांवों के लिए रोस्टर के अनुसार वैक्सीन आवंटित की गई है। टीकाकरण के बाद विवरण भारत पशुधन एप पर जियो लोकेशन के साथ अपलोड किया जाता है। रजिस्टर और एप के रिकॉर्ड का सत्यापन भी कराया जाता है। अभियान 27 सितंबर तक चलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें