अमेठी सिटी। जिले में फॉल्ट, ब्रेकडाउन व तार टूटने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित रही। कई उपकेंद्रों पर आठ से 10 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। रातभर कटौती और दिनभर ट्रिपिंग से उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल रहे। पेयजल आपूर्ति के साथ धान की सिंचाई प्रभावित हुई।
गौरीगंज उपकेंद्र की आपूर्ति सोमवार रात 7:40 से 10:15 बजे तक बाधित रही। मंगलवार को भी दिनभर बिजली की आवाजाही बनी रही। शुकुलपुर उपकेंद्र पर सोमवार रात 8:20 से 10:40 बजे तक आपूर्ति ठप रही। मंगलवार सुबह भी बिजली की आवाजाही लगी रही। अमेठी खंड के बड़गांव, भादर, भेटुआ, पीपरपुर, एचएएल, अमेठी, खेरौना, पीठीपुर और बेनीपुर उपकेंद्रों पर मंगलवार रात तीन से चार घंटे आपूर्ति प्रभावित रही।
अमेठी के रामनगर में एलटी केबल शॉर्ट होने से टाउन एक फीडर की आपूर्ति रातभर ठप रही। एसडीओ लालजी ने बताया कि कर्मचारियों ने मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर दी। जगदीशपुर खंड के जगदीशपुर, इन्हौंना, वारिशगंज, दखिनवारा, शुकुलबाजार, सत्थिन और महोना उपकेंद्रों पर मंगलवार रात छह घंटे से अधिक कटौती हुई।
तिलोई खंड के मोहनगंज, तिलोई, सेमरौता, जायस, फुरसतगंज और हतवा उपकेंद्रों पर सोमवार रात कई बार में पांच से छह घंटे बिजली कटी। मंगलवार दिन में भी ट्रिपिंग के साथ लो वोल्टेज की समस्या रही। इससे बिजली उपकरण नहीं चल सके और किसानों को धान के खेत की सिंचाई करने में परेशानी हुई।
अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बिजली लाइनों से सटी पेड़ों की डालियों की छंटाई के लिए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कुछ स्थानों पर आपूर्ति रोकी गई थी। कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई।