जगदीशपुर (अमेठी)। औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े निर्माण और मेंटीनेंस कार्य अब अमेठी में सुगमता से हो जाएगा। आचार संहिता समाप्त होने के बाद उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण मंडल अयोध्या का वरिष्ठ प्रबंधक सिविल निर्माण- छह का कार्यालय अब जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र में संचालन शुरू दिया गया है। इससे उद्यमियों को भागदौड़ करने से राहत मिलेगी।
जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों का चयन अटल मिशन योजना के तहत हुआ। इसके बाद वहां सड़क, नाली, एलईडी और स्ट्रीट लाइट, दिशा सूचक बोर्ड, पावर हाउस आदि का कार्य शुरू कराया गया था। लघु उद्योग भारती के जिला अध्यक्ष इंजीनियर संजय सिंह ने बताया कि उद्यमियों की समस्या को देखते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति जूबिन इरानी से कार्यालय अमेठी शिफ्ट करने की मांग की गई थी। आदर्श आचार संहिता समाप्त होने के बाद कार्यालय औद्योगिक क्षेत्र स्थित भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। जिले में कार्यालय होने से उद्यमियों को अपनी समस्या निस्तारित करने में सुविधा मिलेगी।
सिविल निर्माण खंड छह के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर जगदीशपुर के सीएफसी भवन में कार्यालय संचालित किया जा रहा है। जो प्राधिकरण का खुद का भवन है। अब इसी कार्यालय से अयोध्या, बस्ती, खलीलाबाद, मऊ, देवरिया, और अमेठी जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्र के कार्य संपादित होंगे।