अमेठी सिटी। ठंड के साथ यात्रियों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को अप वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ निरस्त रही। दो घंटे देरी से गौरीगंज आई प्रयागराज पैसेंजर भी सिर्फ प्रतापगढ़ तक संचालित हुई। इंटरसिटी सहित कई ट्रेनों का विलंब से संचालन हुआ।
रेल ट्रैक के दोहरीकरण व विद्युतीकरण के बाद भी ट्रेनों की लेटलतीफी पर अंकुश नहीं लग सका है। मंंगलवार को वाराणसी-दिल्ली अप काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन निरस्त रहा। ट्रेन के निरस्त होने पर दिल्ली की यात्रा करने पहुंचे लोगाें को परेशानी हुई। पंकज कुमार, रामदीन व कपिल ने बताया कि स्टेशन पहुंचने पर काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के निरस्त होने की जानकारी मिली। अब पद्मावत एक्सप्रेस से दिल्ली की यात्रा करेंगे। इसी तरह लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर भी दो घंटे देरी से आई और प्रयागराज के बजाय सिर्फ प्रतापगढ़ तक ही संचालित हुई।
इसके साथ ही लखनऊ-वाराणसी, रायबरेली-जौनपुर व वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी के साथ ही अप व डाउन जनता एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, पंजाब मेल ट्रेन भी देरी से गौरीगंज आई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रेनें कोहरे के कारण कुछ विलंब से संचालित हुई हैं। मंगलवार को अप काशी विश्वनाथ व डाउन जनता एक्सप्रेस निरस्त रही। ट्रेनों के स्थिति की सूचना का नियमित प्रसारण किया जा रहा है।