बांदा-टांडा हाईवे पर निगोहा के पास खड़े ट्रक से दो बाइकें टकरा गईं। हादसे में अतुल, उनकी छह वर्षीय बेटी दिशा और हीरालाल की मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल। सभी घायलों को फुरसतगंज से जिला अस्पताल रायबरेली भेजा गया। पुलिस ने बाइक और ट्रक को कब्जे में ले लिया।
बांदा-टांडा हाईवे पर सोमवार देर शाम निगोहा के पास खड़े ट्रक से दो बाइकें टकरा गई। हादसे में जायस के गांधीनगर निवासी अतुल (35), उनकी छह वर्षीय बेटी दिशा और फरदीपुर परवर गांव के हीरालाल की मौत हो गई। गंभीर रूप से चार घायल लोगों को सीएचसी से जिला अस्पताल रायबरेली भेजा गया।
विज्ञापन
ओदारी गांव निवासी सत्यनाराण के मुताबिक, उनके रिश्तेदार अतुल अपनी पत्नी रानी और बेटी दिशा के साथ बाइक से रायबरेली के मिल एरिया थाने संदीराम गांव जा रहे थे। दूसरी बाइक पर अतुल के रिश्तेदार फरदीपुर परवर निवासी हीरालाल अपनी बेटी पल्लवी (18), रिश्तेदार शिवानी (18) और संदीराम निवासी माही (12) के साथ जा रहे थे।
निगोहा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में खड़े ट्रक से दोनों बाइक टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज हुई कि सातों लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज पहुंचाया।
विज्ञापन
डॉक्टर ने जांच के बाद अतुल, उनकी बेटी दिशा और हीरालाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं रानी, पल्लवी, शिवानी और माही की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रायबरेली भेज दिया गया। सीओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। घायलों का उपचार जिला अस्पताल रायबरेली में चल रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।