फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: ट्रेडिंग एप में निवेश का झांसा देकर कारोबारी से 35.49 लाख ठगे, फेसबुक ग्रुप से हुआ था संपर्क

Mon, 09 Mar 2026 04:35 PM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला नेटवर्क, अमेठी

सार

अमेठी में ट्रेडिंग एप में निवेश का झांसा देकर ठगों ने कारोबारी से 35.49 लाख की ठगी की। फेसबुक ग्रुप से आरोपियों ने संपर्क किया। 09 फरवरी को पहली बार काल आई थी। फर्जी सलाहकार के कहने पर कई खातों में रकम जमा कराई गई। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
साइबर ठगी - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी के अमेठी में फेसबुक पर सक्रिय एक ट्रेडिंग ग्रुप से जुड़े साइबर ठगों ने मुनाफे का लालच देकर कारोबारी से 35.49 लाख रुपये हड़प लिए। रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई गई। ठगी का अंदेशा होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके मोबाइल नंबर, बैंक खाते और लेनदेन का विवरण खंगालना शुरू कर दिया है।

विज्ञापन


सुल्तानपुर शहर के शिवपुरी करोंदिया निवासी रवि प्रकाश तिवारी, गौरीगंज में बजाज कंपनी की डीलरशिप चलाते हैं। रवि ने बताया कि वह 29 जनवरी 2026 को फेसबुक पर सक्रिय एक ट्रेडिंग ग्रुप से जुड़े। उस ग्रुप में रोज शेयर बाजार से जुड़े सुझाव और अधिक लाभ के संदेश साझा होते रहे। लगातार संदेश देखने पर निवेश सुरक्षित प्रतीत हुआ। 

ट्रेडिंग एप डाउनलोड करने की सलाह दी

09 फरवरी की सुबह मेहरा नाम की महिला ने उन्हें कॉल की। उसने खुद को वित्तीय सलाहकार बताया और शेयर ट्रेडिंग में अच्छा लाभ मिलने का दावा किया। महिला ने गूगल प्ले स्टोर से एक ट्रेडिंग एप डाउनलोड करने की सलाह दी। एप इंस्टॉल होने के बाद केवाईसी पूरी कर खाते से लेनदेन शुरू कराया। पहले चरण में 25 हजार रुपये जमा कराए गए। अगले दिन 27 हजार रुपये खाते में वापस आ गए। रकम मिलने पर भरोसा बढ़ा। 

इसके बाद 50 हजार रुपये और जमा कराए गए। इसी दौरान एप पर क्लीनमैक्स नाम के आईपीओ में निवेश दिखाया गया। एप में रवि के खाते में 9.29 लाख रुपये का आवंटन दर्शाया गया। बताया गया कि ये धनराशि ब्लॉक है। इसे लेना है तो अतिरिक्त धनराशि जमा करने होगी।

अलग-अलग खातों में जमा कराई रकम  

भरोसे में आकर रवि ने सैनिक मोटर्स के खाते से 8.75 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद दूसरे आईपीओ का जिक्र करते हुए और रकम जमा करने की बात कही गई। इस पर एसबीआई खाते से 26 लाख रुपये और भेज दिए गए। इसी तरह 35.49 लाख रुपये विभिन्न खातों में भेजे गए। 

विज्ञापन


बाद में जब एप पर शेयर बेचने का प्रयास किया गया तो फिर से और धनराशि जमा करने का मेसेज आया। संदेह होने पर रवि प्रकाश ने साइबर क्राइम थाने में सूचना दी। साइबर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

ट्रेडिंग ठगी से बचाव के उपाय

  • सोशल मीडिया पर मिले निवेश सुझाव पर तुरंत भरोसा न करें।
  • अनजान एप या लिंक से ट्रेडिंग शुरू न करें।
  • निवेश से पहले कंपनी और प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता जांच लें।
  • अधिक मुनाफे का लालच देने वाले संदेशों से सतर्क रहें।
  • संदिग्ध कॉल या संदेश मिलने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें