अमेठी सिटी। गौरीगंज के पचेहरी गांव में बिना मान्यता संचालित हो रहे निजी स्कूल को शनिवार को प्रशासन ने बंद करा दिया। नायब तहसीलदार अनुश्री और खंड शिक्षा अधिकारी अर्जुन सिंह ने हाईट्स पब्लिक स्कूल पहुंचकर जांच की।
इस दौरान प्रधानाध्यापिका श्रद्धा बरनवाल ने बताया कि स्कूल में नर्सरी से कक्षा पांच तक करीब 100 बच्चे नामांकित हैं। अवकाश होने की वजह से जांच के समय बच्चे जा चुके थे। बीईओ ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए सरकारी विद्यालयों में नामांकन की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर, पलिया, गौरीगंज प्रथम, गौरीगंज द्वितीय और कंपोजिट विद्यालय पचेहरी के प्रधानाध्यापकों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्कूल प्रबंधन को भविष्य में बिना मान्यता संचालन न करने की चेतावनी दी गई है।