अमेठी। धनापुर गांव में बिना मान्यता संचालित निजी विद्यालय पर खंड शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए संचालन बंद करा दिया। विद्यालय में पढ़ रहे 70 बच्चों का प्रवेश पास के परिषदीय विद्यालयों में कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो।
बृहस्पतिवार को खंड शिक्षा अधिकारी पूजा देवी ने निरीक्षण के दौरान स्वामी विवेकानंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल में कक्षाएं संचालित होती पाईं। इसकी जांच में स्पष्ट हुआ कि विद्यालय को विभागीय मान्यता प्राप्त नहीं है, फिर भी नियमित रूप से स्कूल का संचालन हो रहा था। स्थिति सामने आने पर विद्यालय को तत्काल बंद करा दिया गया।
अभिभावकों से संपर्क कर अपने बच्चों का नामांकन नजदीकी परिषदीय विद्यालयों में सुनिश्चित करने को कहा गया है। अचानक स्कूल बंद कराने से क्षेत्र में हलचल रही।