गौरीगंज (अमेठी)। श्रमिकों व उनके आश्रितों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए शासन की ओर से विभिन्न योजना संचालित की जा रही हैं। योजना के पात्रों को लाभान्वित करने के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। इसके लिए डीएम ने बैठक करते हुए जिले में 1.33 लाख श्रमिकों को पंजीकृत करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए ब्लॉकवार कैंप आयोजित करने को कहा है।
उत्तर प्रदेश असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा के तहत शासन ने असंगठित श्रमिकों का पंजीकरण करने का निर्देश दिया है। योजना को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए डीएम अरुण कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में योजना की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा समेत अन्य योजना से लाभान्वित श्रमिकों के साथ पंजीकरण व राहत राशि अंतरण में लापरवाही पर फटकार लगाते हुए सुधार की नसीहत दी। डीएम ने सहायक श्रमायुक्त को ब्लॉकवार कैंप आयोजित कर ऑनलाइन असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को पंजीकृत करने को कहा है।
अभियान में 45 प्रकार के असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले 1,33,500 कर्मकारों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए रिपोर्ट देने को कहा। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का पंजीकरण नहीं होने तथा योजना से वंचित होने की दशा में विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बैठक में सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, डीडीओ प्रदीप कुमार पांडेय, सहायक श्रमायुक्त नासीर खान व सहायक सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी समेत सभी बीडीओ व अधिशाषी अधिकारी मौजूद रहे।