गौरीगंज/जगदीशपुर (अमेठी)। आपकी दीदी आपके द्वार कार्यक्रम के तहत महिला एवं बाल विकास व वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को ई-चौपाल के माध्यम से जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के चार गांव के लोगों से बात की। केंद्रीय मंत्री ने मौके पर मौजूद अफसरों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया।
अमेठी सांसद स्मृति ईरानी कोरोना काल में संसदीय क्षेत्र के लोगों से सीधे मिलने व उनकी समस्या जानने के लिए आपकी दीदी आपके द्वार कार्यक्रम चला रही हैं। कार्यक्रम में ई-चौपाल के माध्यम से स्मृति लोगों की समस्या सुनकर उनका निदान कराती हैं। शुक्रवार को स्मृति ने जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के थौरी न्याय पंचायत के गांव पिछूती, बाजार शुकुल के किशनी, सत्थिन के मड़वा व देवकली के मऊ अतवारा गांव के लोगों से सीधी बात कर उनकी समस्याओं को सुनकर अफसरों को निदान कराने का निर्देश दिया।
शनिवार व रविवार को लॉकडाउन के चलते संवाद कार्यक्रम स्थगित रहेगा। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में नोडल अधिकारी के रूप में अलग-अलग जिला स्तरीय अफसर मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि सोमवार को गौरीगंज विस क्षेत्र के चार गांवों में ई-चौपाल का आयोजन होगा।