अमेठी। तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने अस्थाई आवास पर लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं। सुनवाई के बाद अफसरों को शिकायतें निस्तारित कर रिपोर्ट देने को कहा। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र की समस्याएं व उनका हाल चाल भी जाना।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री व अमेठी सांसद स्मृति ईरानी से मिलने के लिए सुबह से ही लोग उनके आवास के सामने जुटने लगे। लोगों के आवास पर पहुंचने की जानकारी मिलने पर स्मृति नीचे उतरीं और लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्या जानने की कोशिश की।
समस्या सुनने के बाद मंत्री ने जिम्मेदारों को शिकायतों का गुणवत्ता परक निस्तारण कर रिपोर्ट देने को कहा। शिकायतों की सुनवाई के बाद केंद्रीय मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनकी निजी व क्षेत्र की समस्या की जानकारी ली।
मंत्री ने कार्यकर्ताओं को कृषि कानून के संबंध में फलाए जा रहे दुष्प्रचार से निपटने की जिम्मेदारी दी। जनसुनवाई व कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री डीह ब्लॉक के हाजीपुर गांव होते हुए लखनऊ के रास्ते दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।