अमेठी। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के पहले दिन परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरों पर राहत के साथ-साथ कठिन सवालों को हल करने की थकान भी साफ दिखाई दी। अधिकांश परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को आसान से सामान्य स्तर का बताया। हालांकि, सामान्य ज्ञान, सामान्य अध्ययन और गणित के कुछ प्रश्नों ने उन्हें उलझन में डाल दिया। परीक्षा खत्म होने के बाद समान नागरिक संहिता और गणित के लघुत्तम-महत्तम से जुड़े सवाल अभ्यर्थियों के बीच चर्चा का विषय बने रहे।
गौरीगंज के रणंजय इंटर कॉलेज केंद्र से बाहर निकली बाराबंकी की साक्षी ने बताया कि हिंदी और गणित के प्रश्न काफी सरल थे, लेकिन सामान्य अध्ययन के कुछ सवालों के जवाब देने में परेशानी हुई। आंबेडकरनगर की अंशिका ने भी बताया कि जीके और जीएस के कई प्रश्न उम्मीद से ज्यादा कठिन थे, जिनके सही उत्तर तक पहुंचने में काफी समय लग गया।
गोरखपुर से आए आदित्य गुप्ता ने कहा कि गणित में लघुत्तम और महत्तम से जुड़े सवालों ने सबसे ज्यादा छकाया। इन्हें बिना पूरी तरह हल किए सही उत्तर चुनना मुश्किल था। इसके अलावा सामान्य ज्ञान के प्रश्न भी चुनौतीपूर्ण रहे। वहीं, अयोध्या की कोमल ने बताया कि गणित और रीजनिंग के ज्यादातर प्रश्न सहज और आसान थे।
अयोध्या की ही सुमन यादव ने कहा कि पूरा प्रश्नपत्र पाठ्यक्रम के अनुसार ही था, लेकिन सामान्य अध्ययन के कुछ सवालों ने सोचने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने बताया कि समान नागरिक संहिता और प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म से जुड़े प्रश्नों पर परीक्षा के बाद भी अभ्यर्थी आपस में चर्चा करते दिखे।
कुल मिलाकर, परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर परीक्षार्थी संभावित उत्तरों और पेपर के स्तर का मिलान करते नजर आए। जहां कई अभ्यर्थियों को यह पेपर काफी आसान लगा, वहीं कुछ के लिए सामान्य ज्ञान और सामान्य अध्ययन के प्रश्न थोड़े कठिन रहे।
-
पीआरवी की मदद से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचीं अंजली
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान पीआरवी की तत्परता से एक महिला अभ्यर्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र पहुंच सकीं। अयोध्या के मिल्कीपुर की रहने वाली अंजलि दुर्गापुर चौराहे पर बस से उतरी थीं, लेकिन वहां से संग्रामपुर स्थित परीक्षा केंद्र जाने के लिए कोई साधन न मिलने के कारण वह बेहद परेशान थीं। इसकी सूचना मिलते ही पीपरपुर क्षेत्र की पीआरवी टीम तुरंत पहुंची और कंट्रोल रूम से तालमेल बनाकर उन्हें टीकरमाफी तक पहुंचाया। वहां से दूसरी पीआरवी टीम ने उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाया और कालिकन इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र तक छोड़ा। पुलिस की मदद से अंजलि सही समय पर परीक्षा में शामिल हो सकीं, उन्होंने परीक्षा के बाद यूपी-112 और अमेठी पुलिस का आभार जताया।