संग्रामपुर (अमेठी)। प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर के कुंभीपुर निवासी सुनील कुमार परिजनों संग बृहस्पतिवार को संग्रामपुर के टीकरमाफी में आयोजित मेला देखने आए थे। देर रात लौटते समय डेहरा के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए। दो की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर कर दिया।
सुनील कुमार के मुताबिक वह अपने परिवार और भांजे के साथ बृहस्पतिवार को टीकरमाफी में आयोजित दो दिवसीय मेला देखने आए थे। जब वह देर रात पिकअप से घर जाने लगे, तभी रास्ते में संग्रामपुर के डेहरा गांव के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में उनके संग बड़े भाई अनिल (32), पत्नी सुनीता (27), बेटी सोनाली (13) व भांजा अखिल (13) और पिकअप चालक मकसूद अहमद (40) घायल हो गए।
पिकअप चालक मकसूद अहमद ने बताया कि डेहरा गांव के पास अज्ञात व्यक्ति ने सामने से पत्थर मार दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने सुनील कुमार व अनिल कुमार की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर संदीप राय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।