पूरे रोशनी मजरे कोरारी गिरधरशाह गांव सुजल के गमगीन के परिजन। संवाद
अमेठी। बाईपास पर बघवरिया गांव के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से टकरा गई। हादसे में पूरे रोशनी मजरे कोरारी गिरधरशाह गांव निवासी अनिकेत सिंह (22) और सुजल सिंह (23) की मौत हो गई। दो युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा है।
परिजनों के अनुसार अनिकेत अपने मित्र सुजल के साथ रविवार को हथकिला गांव में निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात दोनों बाइक से लौट रहे थे। बघवरिया गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। हादसे में सुजल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिकेत गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर रायबरेली एम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इंस्पेक्टर रवि सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दोनों युवकों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। अनिकेत की मां पूनम बेसुध हैं। पिता पवन कुमार सदमे में हैं और बहन अंशिका का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सुजल की मां नीरज बेटे को पुकारते हुए बिलख रही थीं। दिल्ली से पहुंचे पिता दिनेश प्रताप बेटे की मौत से लोगों से लिपट कर रो रहे थे। सिद्धार्थ व बहन शिबू का भी रो-रोकर हाल बेहाल था। सोमवार को जब दोनों युवकों की अर्थियां एक साथ घरों से निकलीं तो हर किसी की आंखें नम हो गईं। पूरे गांव में मातम पसरा है। बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। दोनों का अंतिम संस्कार मानिकपुर गंगा घाट पर किया गया।
दोस्ती की मिसाल थी दोनों की जोड़ी
अनिकेत और सुजल की दोस्ती पूरे गांव में मिसाल मानी जाती थी। दोनों साथ पढ़ते और साथ ही कॉलेज आते-जाते थे। आरआरपीजी कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ाई कर रहे दोनों दोस्त हर वक्त साथ रहते थे। उनकी एक साथ मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है।