भादर (अमेठी)। थाना क्षेत्र से गुजरने वाले अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर त्रिसुंडी गांव के समीप स्थित पेट्रोल पंप के पास मंगलवार की देररात तेज रफ्तार ट्रक ने द्वार पूजा में शामिल होने जा रहे एक बराती को टक्कर को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बराती की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद नाराज लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर घंटों प्रदर्शन किया।
मॉडल थाना रामगंज के त्रिसुंडी गांव निवासी भुल्लुर यादव के घर मंगलवार को सुल्तानपुर जिले के धम्मौर थाना क्षेत्र के कोदई का पुरवा गांव से बरात आई थी। सुल्तानपुर जिले के कोतवाली नगर के रानीगंज (गोराबारिक) निवासी मुनेंद्र प्रताप यादव उर्फ मिंटू (25) भी शामिल होने आया था। रात 10 बजे बरात द्वारपूजा के लिए निकली। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर त्रिसुंडी गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास बरात पहुंची ही थी कि प्रतापगढ़ से सुल्तानपुर की ओर जा रहे बेकाबू ट्रक ने मुनेंद्र को रौंद दिया।
दुर्घटना से आक्रोशित बरातियों व घरातियों ने हाईवे पर जाम लगाकर ट्रक व चालक को तत्काल मौके पर लाने की मांग करने लगे। जाम लगते ही हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे सीओ अमेठी लल्लन सिंह ने प्रदर्शनकारियों को समझाया। सीओ के समझाने व केस दर्ज कर कार्रवाई कराने के आश्वासन पर काफी समझाया। मांगें पूरी किए जाने का आश्वासन दिया तब दो घंटे बाद जाम हटा। सीओ ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।
मातम में बदली शादी की खुशियां
दुर्घटना के बाद त्रिसुंडी गांव से लेकर रानीगंज (गोराबारिक) और कोदई का पुरवा गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने गए मुनेंद्र प्रताप की अर्थी आएगी। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मंगलवार को हादसा या संयोग
अधिवक्ता धर्मराज यादव के चार पुत्रों में सबसे छोटा पुत्र मुनेंद्र प्रताप था। सबसे बड़े भाई वीरेंद्र यादव व दूसरे भाई शैलेंद्र यादव अधिवक्ता हैं। तीसरे नंबर के भाई की मौत हो गई है। दो बड़ी बहनों में दोनों की शादी हो गई है। मुनेंद्र अविवाहित था। बताया गया है कि एक दशक पूर्व सुल्तानपुर में जेल के पीछे धर्मराज यादव की मंगलवार के ही दिन गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिन मंगलवार था मुनेंद्र से बड़े नरेंद्र की भी दस वर्ष की उम्र में मंगलवार के दिन हत्या कर दी गई थी। मुनेंद्र की भी सड़क हादसे में मौत मंगलवार के दिन ही हुई थी।
सड़क दुर्घटना में युवक घायल, रेफरसिंहपुर (अमेठी)। मंगलवार देर रात बाराबंकी जिले के कोतवाली हैदरगढ़ के गांव बिखना निवासी लवकुश अपनी बाइक से किसी काम से इन्हौना जा रहा था। इसी बीच इन्हौना के पास उसकी बाइक सुल्तानपुर निवासी मुजकीर हुसैन की बाइक से हो गई। दुर्घटना में लवकुश गंभीर रूप से घायल हो गया। इन्हौना पुलिस ने घायल को सीएसची हैदरगढ़ पहुंचाया जहां से उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। (संवाद)