अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में संचालित अल्ट्रासाउंड विभाग में पांचवें दिन भी अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हो सकी। चिकित्सक के नहीं होने से मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा तो कई जरूरतमंद मरीजों को प्राइवेट केंद्रों पर जांच कराने को मजबूर होना पड़ा।
जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच की निशुल्क सुविधा है। यहां पर जिले के सीएचसी के साथ अन्य मरीज अल्ट्रासाउंड जांच के लिए आते हैं। यहां अल्ट्रासाउंड विभाग में औसतन प्रतिदिन 50 से अधिक लोगों का अल्ट्रासाउंड होता है। बीते पांच दिनों से चिकित्सक के नहीं होने से मरीजों का अल्ट्रासाउंड नहीं हाे पा रहा है। कक्ष के बाहर गेट पर चिकित्सक के कोर्ट एवीडेंस में जाने का नोटिस लगा है।
शनिवार को भी अल्ट्रासाउंड जांच नहीं होने से मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा। इमरजेंसी वाले मामलों में लोगों को प्राइवेट सेंटरों पर अल्ट्रासाउंड जांच कराने को मजबूर होना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर हैं। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट सोमेश्वरपुरी आकस्मिक अवकाश पर हैं।