अमेठी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की जांच की सुविधा के लिए लगी अल्ट्रासाउंड मशीन एक सप्ताह से खराब पड़ी थी। शुक्रवार को मशीन ठीक होने के बाद मरीजों की जांच शुरू हुई। इससे मरीजों को राहत मिल गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अल्ट्रासाउंड जांच के लिए नई मशीन स्थापित कराई गई थी। एक सप्ताह पूर्व अल्ट्रासाउंड मशीन में तकनीकी खराबी आने से मरीजों की जांच बंद हो गई थी। ऐसे में मरीजों को निजी सेंटर व जिला अस्पताल का चक्कर काटना पड़ रहा था। वहीं मरीज निजी सेंटरों पर 800 से 1000 रुपये तक खर्च कर जांच कराने को मजबूर हो रहे थे।
शुक्रवार को कंपनी से आए इंजीनियर ने मशीन की तकनीकी खराबी को दूर किया। अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल आए मरीज शिव कुमार, विनय, अंजना, प्रियंका, अनिल तिवारी, रोहित, नितिन, पूजा और अर्चना ने बताया कि वे लगातार कई दिनों से अस्पताल आ रहे थे, लेकिन मशीन खराब होने की वजह से उन्हें बिना जांच के मायूस होकर लौटना पड़ रहा था। आज फिर कतार में लगे हैं, जांच होने की उम्मीद है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि अल्ट्रासाउंड मशीन की मरम्मत हो गई है। बताया कि मरीजों का अल्ट्रासाउंड शुरू करा दिया गया है। अब नियमित मरीजों की जांच कराई जाएगी।