अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड विभाग में मरीजों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचीं गर्भवती महिलाओं व अन्य मरीजों को महंगी फीस देकर बाहर के केंद्रों पर जांच करानी पड़ी। वहीं मरीजों की जानकारी के लिए रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर होने की सूचना चस्पा कर दी गई है। अल्ट्रासाउंड जांच ठप होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी।
जिले में अल्ट्रासाउंड सरकारी अस्पताल में कराने के लिए गर्भवती महिलाओं को तारीख बताई जाती है। भीड़ अधिक होने से तय तारीख में चुनिंदा गर्भवती महिलाओं व जरूरतमंदों की ही जांच हो पाती है। ऐसे में सोमवार को जांच कराने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं, जहां अवकाश की सूचना पाकर उन्हें निराशा हुई। कुछ मरीज मायूस होकर लौट गए तो इमरजेंसी वाले मामलों में लोगों को बाहर जांच करानी पड़ी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार व बुधवार तक रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर रहेंगे। ऐसे में अब बृहस्पतिवार को ही अल्ट्रासाउंड जांच होने की उम्मीद है।
सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि जिला अस्पताल में मात्र एक रेडियोलॉजिस्ट हैं। कहा कि बुधवार तक रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर हैं। बृहस्पतिवार को वह आ जाएंगे, उसके बाद अल्ट्रासाउंड जांच शुरू होगी।
जिले में सिर्फ दो जगहों पर होती है जांच
जिले के सरकारी अस्पताल सिर्फ जिला अस्पताल और सीएचसी अमेठी में ही अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा है। जिला अस्पताल में एक रेडियोलॉजिस्ट और अमेठी में प्रशिक्षण प्राप्त सीएचसी अधीक्षक मरीजों का अल्ट्रासाउंड करते हैं। जिला अस्पताल में 50 से 60 मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच रोज होती है। सोमवार को रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सोमेश्वरपुरी अवकाश पर रहे। ऐसे में कक्ष के बाहर चस्पा नोटिस में अवकाश की जानकारी मिलने के बाद अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल आए मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा।