शाहगढ़। मुंशीगंज के लोहंगपुर के कालू मिश्र का पुरवा निवासी आयुष तिवारी की प्रयागराज के शिवकुटी घाट पर नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। उनके साथ नहाने गए किटियावां गांव निवासी शुभम (19) की अभी तलाश की जा रही है। आयुष की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता महेश तिवारी ने बताया कि उनका बेटा आयुष अपने मित्र शुभम के साथ प्रयागराज के शिवकुटी मोहल्ले में किराये के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। शनिवार को दोनों गंगा स्नान करने के लिए घाट पर गए थे। नहाते समय अचानक दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने नदी में उनकी तलाश शुरू कर दी। रविवार को आयुष का शव नदी से बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजन प्रयागराज पहुंच गए। आयुष की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मां सुमन का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई की मौत से बहन आयुषी बिलख रही है।
वहीं शुभम के परिवार के लोग भी प्रयागराज में मौजूद हैं और गमगीन पिता शिव प्रसाद बेटे की तलाश में लगे हुए हैं। शुभम की मां रानी और बहन प्रीति सहित अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस और गोताखोर नदी में लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार दोनों युवक पढ़ाई में काफी मेहनती थे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रयागराज गए थे।