अमेठी सिटी। रामगंज के कौहार में संचालित सैनिक स्कूल के कक्षा सात के दो छात्र सोमवार को संदिग्ध हालात में लापता हो गए। स्कूल प्रबंधन ने दोनों की गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। मंगलवार को दोनों छात्र बिहार के जहानाबाद स्टेशन पर सकुशल मिल गए। उन्हें लेने के लिए गौरीगंज कोतवाली से पुलिस टीम भेजी गई है। पुलिस की अब तक की जांच में ये पता चला है कि दोनाें बिहार में अपने दोस्त से मिलने के लिए निकले थे।
हाउस मास्टर पुनीत के अनुसार बलिया निवासी देशदीपक और बिहार के अरवल निवासी अमरनाथ को आखिरी बार दोपहर करीब एक बजे स्कूल परिसर के नालंदा ब्लॉक के पास देखा गया था। दोपहर बाद चार बजे स्कूल में एसेंबली के समय दोनों नहीं आए तो प्रबंधन ने पूरे परिसर में तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। बिना वक्त गंवाए इसकी सूचना गौरीगंज पुलिस को दी गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायण पांडेय के अनुसार गुमशुदगी दर्ज होते ही सर्विलांस सेल की मदद ली गई। छात्रों की लोकेशन बिहार के जहानाबाद में मिली। वहां स्थानीय पुलिस ने दोनों को सकुशल सुरक्षा में ले लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे एक परिचित दोस्त से मिलने आए थे। उन्हें सुरक्षित लाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
राहगीर के फोन से किया था भाई से संपर्क
देशदीपक ने स्कूल से निकलने के बाद एक राहगीर से फोन लेकर अपने भाई को कॉल की थी, लेकिन उसने ये नहीं बताया था कि वह कहां है। पुलिस ने जब देशदीपक के घरवालों से संपर्क किया तो बताया गया कि मंगलवार को ही उनकी बात हुई है। इस पर राहगीर के नंबर पर काॅल की गई। उसने बताया कि दोनों छात्र ई रिक्शा में मिले थे, जो कौहार से गौरीगंज आ रहे थे। दोनों के लापता होने का अंदेशा होने पर केस दर्ज कराया गया।
इंस्टाग्राम से मिला लोकेशन क्लू
दोनों छात्रों ने एक दोस्त को इंस्टाग्राम पर संदेश भेजा था, जोकि बिहार के जहानाबाद का रहने वाला है। उस दोस्त की प्रोफाइल से मोबाइल नंबर और लोकेशन पता की गई। उसी आधार पर शुरुआती खोजबीन की गई, जिससे दोनों के बिहार के जहानाबाद पहुंचने के बारे में सुराग मिला।