अमेठी। सत्थिन स्थित गोमती नदी पुल के पास बृहस्पतिवार की रात एसओजी, सर्विलांस व बाजारशुकुल थाने की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक लग्जरी वाहन से तस्करी के लिए ले जा रहे एक क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया है। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन तस्कर फरार हो गए हैं। पूछताछ में पता चला है कि उड़ीसा से गांजा लाया जा रहा था, इसे अयोध्या पहुंचाया जाना था। एसपी डॉ. इलामारन जी. ने बताया कि सर्विलांस सेल को गाजा तस्करों के जिले से गुजरने का इनपुट मिला था। एसओजी प्रभारी धीरेंद्र वर्मा, सर्विलांस प्रभारी उमेश मिश्र व बाजारशुकुल थाने के उपनिरीक्षक रामजी सिंह की टीम बनाई गई थी। टीम ने सत्थिन स्थित गोमती नदी पुल पर घेराबंदी की। इस दौरान गुजरे रहे एक लग्जरी वाहन को टीम ने रोकने का इशारा किया तो वह भागने लगे। वाहन से 17 अलग-अलग बंडलों में एक क्विटंल तीन किलो 930 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
टीम ने प्रतापगढ़ जिले के कंधई थानाक्षेत्र के रामपुर कुर्मियान गांव निवासर मो. अफजल व कोतवाली के सहोदरपुर पश्चिमी गांव निवासी मो. सुहैब को पकड़ लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर तीन अन्य फरार हो गए हैं। पूछताछ में फरार तस्करों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली है। इसके आधार पर गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। उड़ीसा से लाकर अयोध्या पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने के साथ फरार चारों तस्करों की तलाश में जुटी है।