सुल्तानपुर। हत्या के मामले में निरुद्ध दो बंदियों की जिला कारागार में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दो बंदियों की मौत की सूचना पर दोपहर बाद आईजी कारागार पहुंचे। लखनऊ से डीजी जेल की ओर से जेलों के निरीक्षण के लिए नियुक्त आईपीएस हेमंत कुटियाल भी जिला कारागार पहुंचे। दीवानी न्यायालय से भी न्यायिक अधिकारी घटना के बाद जेल का निरीक्षण करने पहुंचे। उधर, मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम व डॉग स्कवायड ने जांच पड़ताल की।
अमेठी जिले के जामो थाना क्षेत्र के लोरिकपुर गांव निवासी मनोज रैदास (18) और करिया उर्फ विजय पासी (20) हत्या के मामले में जिला कारागार सुल्तानपुर में निरुद्ध थे। बुधवार की दोपहर जेल में दो बंदियों की संदिग्ध हालात में मौत की सूचना फैलने के बाद जिला कारागार में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों का शव जेल परिसर में स्थित एक पेड़ से ओढ़ने की चादर के फंदे पर लटका देखा गया। इसमें हत्या की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।
सूचना पर डीएम जसजीत कौर व पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा मौके पर पहुंचे। आईजी प्रवीण कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। हालांकि इस मामले में जेल प्रशासन के अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है।
तीन डॉक्टरों का पैनल करेगा पोस्टमार्टम
निरीक्षण से निकलने के बाद आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का केस लग रहा है। इसकी गहराई से जांच कराई जाएगी। दोनों मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीएम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट होगी। तीन डॉक्टरों का पैनल पीएम के लिए गठित किया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना भेज दी गई है।
जेल प्रशासन की सुरक्षा पर उठे सवाल
जिला कारागार में बुधवार को दो बंदियों की संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है। बैरक व भंडार कक्ष के अलावा जिस स्थान पर दोनों बंदियों के शव मिले उस स्थान पर जेल सुरक्षा कर्मियों की नामौजूदगी इस बात की ओर इशारा कर रही है कि जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक थी। बंदियों ने किस कारण से आत्महत्या की और साथ में बंद अन्य कैदियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सवाल भी जेल में चर्चा का विषय बना है।
पोल्ट्री फार्म संचालक की हत्या में निरुद्ध थे दोनों बंदी
सुल्तानपुर। अमेठी जिले के जामों थाने के चौधरी का पुरवा लोरिकपुर गांव निवासी पोल्ट्री फार्म संचालक ओम प्रकाश यादव (48) की 26 मई की रात उनके पोल्ट्रीफार्म पर ही धारदार हथियार से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जामों थाने की पुलिस ने करिया उर्फ विजय पासी व मनोज रैदास को गत 30 मई को आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार आरोपियों का विवाद मृतक ओम प्रकाश के भाई जितेंद्र से था। जितेंद्र को मारने की फिराक में आरोपी पोल्ट्री फार्म गए थे। अंधेरे की वजह से उन लोगों ने गलती से चाकू व लाठी से जितेंद्र की जगह ओम प्रकाश की हत्या कर दी थी।