गौरीगंज (अमेठी)। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर बृहस्पतिवार दोपहर बाद टिकरिया के पास एक महिला अपने चार साल के मासूम बेटे के साथ ट्रेन के आगे कूद गई। घटना में महिला व मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त करते हुए मां-बेटे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
गौरीगंज थाने के मिश्रौली वार्ड के पूरे तेजी मोहल्ले के रहने वाले चंद्रभान की पत्नी अनीता (25) ने अपने मासूम पुत्र यशवंत (4) के साथ बृहस्पतिवार दोपहर बाद लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक स्थित टिकरिया के पास लखनऊ-प्रयाग पैसेंजर के सामने छलांग लगा दी। घटना में अनीता व यशवंत के चीथड़े उड़ गए।
चालक ने घटना की सूचना वॉकी-टॉकी के माध्यम से स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार को दी। सूचना मिलने के बाद स्टेशन अधीक्षक ने मामले की सूचना आरपीएफ व स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला व मासूम के शव को कब्जे में लेकर मामले की सूचना परिवारीजनों को दी।
सूचना पर पहुंचे पति ने बताया कि अनीता बेटे को लेकर इलाज कराने की बात कहकर घर से निकली थी। हालांकि मौके पर पहुंचे लोग गृहकलह की वजह से आत्महत्या करने की चर्चा करते नजर आए। प्रभारी निरीक्षक परशुराम ओझा ने बताया कि फिलहाल मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मृतका के मायके वालों के आने के बाद स्थिति साफ होगी। जिसके बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बाधित हुआ दो ट्रेन का संचालन
ट्रैक पर महिला व मासूम की मौत होने की सूचना के बाद शव हटने तक संचालन विभाग ने ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन नहीं किया। इस दौरान डाउन पंजाब मेल घटनास्थल के पास तो डाउन अर्चना एक्सप्रेस गौरीगंज स्टेशन पर खड़ी रही। स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार ने घटना के कारण करीब 30 मिनट ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने की पुष्टि की है।