गौरीगंज (अमेठी)। दिल्ली के साथ ट्रैक के अन्य स्टेशनों के यात्रियों की मुसीबत अब कम होगी। कोविड संक्रमण काल से बंद पड़ी मालदा टाउन व काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को हरी झंडी मिल गई है।
विभाग का आदेश मिलने के बाद 14 जून से दोनों ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बाद 17 जून से निर्धारित समय पर ट्रेन गंतव्य को रवाना होगी।
ट्रेन पर फिलहाल अभी आरक्षित टिकट पर ही यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिलेगी। संचालन आदेश मिलने के बाद ट्रेनों पर आरक्षित टिकटों की बुकिंग का काम शुरू हो गया है।
लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर संचालित काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस व मालदा टाउन एक्सप्रेस का संचालन विभाग ने कोविड संक्रमण की दूसरी लहर में अग्रिम निर्देशों तक बंद कर दिया था।
ट्रेन बंद होने से दिल्ली के साथ अन्य स्टेशनों के यात्रियों को परेशानी हो रही थी तो विभाग को आर्थिक क्षति भी उठानी पड़ रही थी। यात्रियों की मांग पर कोविड संक्रमण की रफ्तार कम होने के बाद विभाग ने दोनों ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी है।
विभाग की ओर से जारी आदेश में मालदा टाउन एक्सप्रेस 13 जून को अप तो 15 जून को डाउन संचालित होने के बाद नियमित तो काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 14 को अप में तो 16 को डाउन में संचालित होने के बाद 17 जून से दोनों ट्रेन अपने निर्धारित समय पर सभी ठहराव वाले स्टेशनों पर रुकते हुए गंतव्य को रवाना होंगी।
दोनों ट्रेनों पर फिलहाल अभी आरक्षित टिकट पर ही यात्रा की अनुमति होगी। विभाग का आदेश मिलने के बाद दोनों ट्रेनों में आरक्षित टिकट की बुकिंग का काम शुरू हो गया है।
स्टेशन मास्टर अवनीश सिंह ने दोनों ट्रेनों का संचालन बहाल होने तथा आरक्षित टिकटों की बुकिंग शुरु होने बात स्वीकार करते हुए बताया कि 17 जून से दोनों एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से संचालित होंगी।