मुसाफिरखाना (अमेठी)। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कस्थुनी पश्चिम के पास शुक्रवार भोर में टहलने निकले दो लोगों को तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने रौंद दिया। दुर्घटना में एक की मौके पर तो दूसरे की उपचार के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौत के बाद मृतकों के घर में कोहराम मचा है।
मूंगा मजरे कस्थुनी पश्चिम निवासी हौसिला प्रसाद यादव (60) तथा कुटिया गांव निवासी कृष्ण कुमार (32) शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। दोनों लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज गति से चलते हुए गोसाईं की मठिया मंदिर के पास पहुंचे ही थे कि सुल्तानपुर को ओर से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने उन्हें रौंद दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। घटना में हौसिला प्रसाद यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल कृष्ण कुमार को सीएचसी पहुंचाते हुए मामले की जानकारी पुलिस को दी। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद कृष्ण कुमार की हालात नाजुक देख चिकित्सकों ने सुल्तानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन कृष्ण कुमार को ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मॉर्निंग वॉक पर निकले दो लोगों की मौत की सूचना पर गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने हौसिला के शव को कब्जे में लेकर गौरीगंज में तो कृष्ण कुमार के शव का सुल्तानपुर में पोस्टमॉर्टम कराते हुए जांच-पड़ताल व वाहन की तलाश शुरू कर दी है। एसएचओ ने बताया कि हौसिला के पुत्र अशोक की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जल्द ही चालक व कंटेनर को हिरासत में लेते हुए वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
परिवार में मचा कोहराम
सड़क दुर्घटना में मृत कृष्ण कुमार के तीन भाई राजेंद्र, धर्मेंद्र व मनोज के साथ पत्नी सीमा का रो-रोकर बुरा हाल है। दस वर्षीय पुत्र आलोक द्वारा मां से रोने का कारण पूछने पर मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। हौसिल प्रसाद के तीन पुत्रों में अशोक साथ में गांव में रहता था तो दशरथ व अजय रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। दशरथ की मौत के बाद पुत्र अशोक व पुत्री गरिमा रो-रोकर बेहाल हैं।