जायस (अमेठी)। जायस कस्बे में शुक्रवार सुबह स्कूल जा रही दो नाबालिग छात्राओं का लग्जरी वाहन सवारों ने अगुवा करने की कोशिश की। शोर-शराबा सुनकर लोगों को आता देख वाहन सवार मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जायस कस्बे के मौलवी कला गांव निवासी रामदयाल की पुत्री चांदनी (13) व सरोज (11) कंपोजिट स्कूल चौधरना जायस में पढ़ती हैं। शुक्रवार सुबह दोनों साइकिल से स्कूल जा रही थीं। वे कस्बा स्थित पानी की टंकी के पास पहुंची ही थीं कि सामने से आया एक लग्जरी वाहन उनके पास रुका और कार से उतरे चार लोगों ने दोनों को जबरन खींचकर गाड़ी में ले जाने की कोशिश की।
छात्राओं की चीख-पुकार पर भीड़ को अपनी ओर आता देख कार सवार मौके से भाग निकले। छात्राओं के अपहरण की कोशिश की सूचना सार्वजनिक हुई तो हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस के साथ परिजनों को दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो भयभीत दोनों बहनों ने रोते हुए पूरी कहानी बताई।
सूचना पर पहुंचे स्कूल प्रधानाध्यापक शिरोमणि प्रताप व बीईओ राकेश सचान मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को देते हुए परिजनों के साथ थाने पहुंचे। सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल के साथ कस्बे में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से कार सवारों की पहचान में जुटी है।
स्कूल पहुंच गए अधिकतर अभिभावक
दो छात्राओं को अगवा करने की कोशिश का मामला सार्वजनिक हुआ तो अभिभावकों में हड़कंप गया। अभिभावक स्कूल पहुंच अपने-अपने बच्चों के सकुशल होने की जानकारी हासिल करने लगे। घटना के बाद कंपोजिट स्कूल चौधराना जायस पहुंचे 50 नौनिहालों के अभिभावक बच्चों को अपने साथ घर वापस लेकर चले गए। प्रधानाध्यापक शिरोमणि प्रताप ने बताया कि घटना की सूचना पर अभिभावक परेशान थे। उन्हें समझाया गया लेकिन कुछ अभिभावक बच्चों को ले जाने की जिद करने लगे तो उनके साथ बच्चों को भेज दिया गया।
पिता ने दी थाने में तहरीर
कस्बे से पुत्रियों को अगवा करने की कोशिश करने की सूचना पर पहुंचे पिता रामदयाल ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि उसकी दो पुत्रियों शुक्रवार को साइकिल से कंपोजिट स्कूल चौधराना जायस जा रही थी। रास्ते में सेंटी तालाब पंप के पास अज्ञात वाहन से चार लोगों की ओर साइकिल चलाते समय हाथ पकड़ कर गाड़ी में खींचने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
की जा रही जांच
पुलिस ने बताया कि छात्रा के पिता की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। कार सवारों की तलाश करने व गिरफ्तारी करने के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही कार सवारों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।