जगदीशपुर (अमेठी)। कमरौली इलाके में पुलिस व गो तस्करों के बीच शनिवार की रात हुई मुठभेड़ में एक तस्कर गोली लगने से जख्मी हो गया, जबकि भाग रहे दूसरे तस्कर को दबोच लिया गया। दोनों तस्करों को पुलिस ने इलाज व मेडिकल के बाद जेल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के नोती दूबे का पुरवा मजरे कठौरा गांव के पास निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज के पीछे खंडहर में शनिवार की रात कुछ लोग बेसहारा गोवंश वध की नियत से मौजूद थे। इसकी खबर होने पर पुलिस ने उनकी घेराबंदी कर ली। खुद को घिरा देख तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायर किया। इस दौरान गोली लगने से एक तस्कर घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी बचकर भागने लगा। पुलिस ने उसे भी दौड़ा कर दबोच लिया।
दोनों आरोपियों को पुलिस सीएचसी जगदीशपुर ले गई, वहां घायल का उपचार व पकड़े गए आरोपी का मेडिकल करा दोनों को थाने ले गई। पूछताछ में गोली लगने से जख्मी आरोपी की पहचान इन्हौना थाना क्षेत्र के किला इस्लामगंज गांव निवासी अरशद उर्फ सोनू के रूप में हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान इसी क्षेत्र के दक्खिन गांव निवासी हसीब उर्फ लादेन के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त लकड़ी का ठीहा, चापड़, तराजू-बांट, रस्सी आदि और बाइक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि छुट्टा मवेशियों को पकड़ कर उनका वध करने के लिए आए थे।
सीओ अतुल सिंह ने बताया कि गो तस्कर व पुलिस टीम के बीच हुई मुठभेड़ में घायल आरोपी की हालत में सुधार है। पुलिस टीम पर हमला व आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। केस दर्ज करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।
दोनों पर दर्ज हैं कई केस
पुलिस के मुताबिक अरशद उर्फ सोनू पर उन्नाव जिले के अजगैन थाने में पशु क्रूरता अधिनियम, शिवरतनगंज थाने में गोवध निवारण अधिनियम के दो, यूपी गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस के एक-एक मुकदमे, कमरौली थाने में एनडीपीएस का एक, बाराबंकी जिले के सुबेहा थाने में यूपी गैंगस्टर एक्ट और गौवध निवारण अधिनियम का एक-एक केस दर्ज है। दूसरे अभियुक्त हसीब उर्फ लादेन पर शिवरतनगंज थाने में गोवध निवारण और पशु क्रूरता अधिनियम के तीन, यूपी गैंगस्टर और पॉक्सो एक्ट के एक-एक, रायबरेली जनपद के बछरावां थाने में गोवध, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और इन्हौंना थाने में एनडीपीएस का एक मुकदमा पंजीकृत है।