बाजारशुकुल (अमेठी)। निमंत्रण से लौट रहे बाइक सवार तीन युवक बुधवार देर रात बाजारशुकुल इलाके में एक अज्ञात वाहन से टकरा गए। हादसे में दो मौसेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनका साथी घायल हो गया। मरने वाला एक युवक अयोध्या जनपद का है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के खैरातपुर गांव निवासी गोविंद (21) अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र के उदुई गांव निवासी अपने मौसेरे भाई रोहित (19) और गांव के ही रहने वाले दोस्त रोहित (20) पुत्र जगन के साथ बाइक से बुधवार देर शाम निमंत्रण में गए थे। देर रात यह लोग लौट रहे थे। तभी बाजारशुकुल थाना क्षेत्र के बख्तावरपुर गांव के पास इन लोगों की बाइक एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई।
हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको स्थानीय लोगों ने सीएचसी बाजारशुकुल पहुंचाया। साथ ही पुलिस को सूचना दी। सीएचसी में चिकित्सकों ने गोविंद व उसके मौसेरे भाई रोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे रोहित की हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मौसेरे भाइयों की मौत की सूचना गांव पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। सभी लोग भागकर अस्पताल पहुंचे। उधर, पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। एसओ दयाशंकर मिश्र ने बताया कि मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चालक व वाहन को पकड़ लिया जाएगा। एसओ ने बताया कि मौके पर हेलमेट नहीं मिला।
एक फोन कॉल ने उड़ा दी संतराम की नींद
मौसेरे भाइयों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय विकास क्षेत्र के खैरातपुर गांव निवासी संतराम की नींद रात में आए एक फोन कॉल ने उड़ा दी। फोन पर बेटे गोविंद की मौत की खबर सुनकर उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। जो जहां पर और जैसे था, वैसे ही घटनास्थल के लिए दौड़ पड़ा। घर में परिजनों में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी दरवाजे पर जमा हो गए।
गोविंद तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई रविशंकर और शिवशंकर छोटे भाई की मौत से सदमे में हैं। गोविंद की मौत से छोटी बहन नंदिनी का रो-रोकर बुरा हाल है। मां पूनम की तो बेटे को खोने के गम में आंखें पथरा सी गई हैं। इकलौते बेटे रोहित की मौत की सूचना पाकर अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र के उदुई गांव से खैरातपुर बहन के घर पहुंची मां राजेश्वरी रो-रोकर बदहवास हैं। राजेश्वरी के मुंह के एक ही बात निकलती है, अब किसके सहारे वह रहेंगी। रोहित की बहन अंजली व रीतिका रोते हुए कह रही थीं कि अब उनकाे कौन परेशान करेगा। किसे वह भैया कहकर बुलाएंगी। अब कौन राखी बांधेगा। बहनों की करुणवेदना सुनकर हर किसी की आंख नम थी। खैरातपुर गांव में मौसेरे भाइयों की मौत व जगन के पुत्र रोहित के जीवन व मौत में संघर्ष करने की जानकारी के बाद परिजन व रिश्तेदार अस्पताल रवाना हो गए हैं। जगन के घर पर भी सन्नाटा पसरा हुआ है। गांववाले भी इस हादसे से गमगीन हैं तो किसी परिवार में चूल्हे तक नहीं जले है। अधिकांश ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस रवाना हो गए तो महिलाएं गोविंद के दरवाजे पर रोते-बिलखते परिजनों को संभालने की कोशिश में जुटी रहीं।