अमेठी सिटी। ग्रामीण इलाकों की जर्जर सड़कों पर अब राहत की उम्मीद जगी है। जामों क्षेत्र के हरगांव-सूरतगढ़-पूरे छत्ता मार्ग और हरकरनपुर संपर्क मार्ग के नवनिर्माण के लिए 46 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) ने इन सड़कों की बदहाल दशा पर सर्वे कर शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई है। कार्यदायी संस्था का चयन होते ही काम जल्द शुरू हो जाएगा। इन संपर्क मार्गों के बनने से करीब एक लाख की आबादी को आवागमन में राहत मिलेगी। ग्रामीण इलाकों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली ये सड़कें पिछले लंबे समय से बदहाल हैं, जिससे स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हरगांव-सूरतगढ़-पूरे छत्ता मार्ग और हरकरनपुर संपर्क मार्ग की मरम्मत का काम कार्यदायी संस्था को दो माह में पूरा करना होगा।
लोगों का कहना है कि वर्षों से इन सड़कों की मरम्मत की मांग की जा रही थी। अब जबकि कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है। उम्मीद है कि यह काम गुणवत्तापूर्ण और समय सीमा के भीतर पूरा होगा।