अमेठी। मुंशीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एचएएल के गेट नंबर दो के पास सड़क पर आए छुट्टा मवेशी को बचाने में बृहस्पतिवार देर रात दो कारें पलटने से नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को एक निजी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित करते हुए आठ को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल एक महिला की भी देर रात मौत हो गई।
थाना मुंशीगंज क्षेत्र के एचएएल गेट नंबर दो के समीप बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे सड़क पर अचानक आए मवेशी को बचाने में एक कार सड़क किनारे पलट गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे तो कार सवार बाल-बाल बच गए थे।
इसी बीच मुंशीगंज की ओर से आ रही दूसरी कार भी मवेशियों को बचाने में अनियंत्रित हो गई और पहले से पलटी कार के समीप मौजूद लोगों को कुचलते हुए पलट गई। दुर्घटना के बाद पहुंचे लोगों ने पुलिस की मदद से सभी घायलों को मुंशीगंज स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने कुड़वा निवासी प्रदीप मौर्य (22) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल शिवगंज निवासी उदयराज यादव व उनकी पत्नी रानी यादव, पश्चिम दुआरा निवासी सोनू यादव, सत्यम यादव, अरुण कुमार सिंह, मनीष व मनोज तथा सुलतानपुर के सुदना गांव निवासी संतोष पाल की हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह रानी यादव (40) की भी मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद परिवारीजनों में कोहराम मचा है।
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरे शिवचरन मजरे गुंगवाछ निवासी रमापति तिवारी बृहस्पतिवार को साइकिल से गौरीगंज जा रहे थे। रास्ते में ताला गांव के समीप किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। मौके पर पहुंचे लोगों की सूचना पर आए एंबुलेंस कर्मियों ने घायल को संयुक्त जिला अस्पताल असैदापुर पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में उनकी मौत हो गई।