मुसाफिरखाना (अमेठी)। नगेसरगंज अंडरपास के पास सोमवार की शाम जिला मुख्यालय से मुकदमे की पैरवी करके घर वापस लौट रहे दो सगे भाइयों की बाइक व ट्रक की भिड़ंत में मौत हो गई। जबकि बाइक चालक अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कंजास गांव निवासी राम समुझ मौर्य (55) व भाई तुंग नाथ मौर्य (60) के साथ सोमवार को मुकदमे की पैरवी के लिए अपने वकील के साथ जिला मुख्यालय गौरीगंज गए हुए थे। शाम को दोनों अपने वकील पंकज कुमार निवासी कारीभीत इसौली जनपद सुल्तानपुर के साथ बाइक से घर वापस आ रहे थे।
रास्ते में मुसाफिरखाना के नगेसरगंज अंडरपास के पास उनकी बाइक लखनऊ से गौरीगंज की तरफ जा रहे अज्ञात ट्रक से भिड़ंत हो गई। इसमें घायल बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने रामसमुझ व तुंगनाथ को मृत घोषित कर दिया। जबकि पंकज को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट चकनाचूर हो गया।
एसएचओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों को जानकारी दी गई है। साथ ही घायल के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी की जा रही है। पुलिस कर्मी को भी भेजा गया है।
हर किसी की आंखें नम
सोमवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे हुए हादसे के बाद मौके पर पहुंचे हर किसी की आंखें नम थीं। मृतक तीन भाई थे। एक की पहले ही मौत हो चुकी थी। शेष दो की हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रामसमुझ के दो बेटे हैं, जबकि तुंगनाथ के तीन बेटे हैं।