शाहगढ़ (अमेठी)। मुंशीगंज थाना क्षेत्र से गुजरने वाले टांडा-बांदा हाईवे स्थित जामो-भादर चौराहे पर शुक्रवार को बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई तो दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल सुल्तानपुर में उपचार किया जा रहा है। मां-बेटे की मौत से गांव में कोहराम मचा है।
मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के समशेरियां गांव निवासी राकेश कुमार (24) शुक्रवार को बाइक से अपनी मां घुटूरा (55) संग अमेठी के टिकरी गांव में मौसी के घर किसी काम से जा रहे थे। रास्ते में मुंशीगंज थाना क्षेत्र से गुजरने वाले टांडा-बांदा हाईवे स्थित जामो-भादर चौराहे पर सामने से रही बाइक से उनकी मोटरसाइकिल टकरा गई।
हादसे में राकेश कुमार व घुटूरा संग दूसरी बाइक पर सवार सुल्तानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र के मदनपुर देवर गांव निवासी विवेक कुमार (22), मनीष श्रीवास्तव (21) व अंकित कुमार सरोज (23) भी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया।
इसके बाद सभी को सुल्तानपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीनों को भर्ती कर उपचार करना शुरू कर दिया। मां-बेटे की मौत की सूचना गांव पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। एसएचओ शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में घायलों को अस्पताल पहुंचाते हुए परिजनों को सूचना दी गई है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।